युवा आजसू की एकदिवसीय कार्यशाला सम्पन्न, अप्रैल में होगा पार्टी का महाधिवेशन
न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: युवा आजसू की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला केंद्रीय कार्यालय, हरमू में आयोजित की गई. कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो उपस्थित रहे. कार्यशाला में तय हुआ कि अप्रैल में युवा आजसू का केंद्रीय महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि की घोषणा शीघ्र होगी. यह भी तय हुआ कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो प्रत्येक जिला में युवाओं से संवाद करेंगे.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं को संगठित और सशक्त नेतृत्व प्रदान करने के उद्देश्य से युवा आजसू का गठन किया गया है. सुदेश महतो ने कहा कि युवा आजसू में जवाबदेह और वैचारिक कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे. झारखंड के औचित्य और झारखंडी मूल्यों को स्थापित करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा.
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि निकम्मी सरकार की नीतियों के खिलाफ और बेहतर झारखंड के निर्माण के लिए युवाओं को संघर्ष करने के लिए तैयार रहना होगा. युवा शक्ति ही समाज और राज्य के भविष्य को दिशा देने का काम करती है, इसलिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राज्य में जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उन्हें चुनौती देने के लिए युवाओं को आगे आकर नेतृत्व अपने हाथों में लेना होगा, ताकि झारखंड के विकास और प्रगति को नई दिशा दी जा सके.
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. इसके अलावा गांव से लेकर शहर और प्रदेश स्तर तक झारखंडी भावनाओं का नेतृत्व करने के लिए युवाओं की टीम खड़ी की जाएगी.
कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, हरीश कुमार, परवाज खान, टिकैत महतो, हीरालाल महतो, डॉ. पार्थ परितोष, इम्तियाज अहमद नज़्मी, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, गदाधर महतो, अमित महतो, अजीत सिंह, चेतन प्रकाश, आतिश महतो जी, उत्कर्ष महतो, बिशु रजवार, रोशन सेठ, अमित यादव, डॉ. अमित कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में युवा आजसू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांची पुलिस को हाथ लगी बड़ी सफलता, ATM बदल कर ठगी करने वाले गिरोह के दो ठग गिरफ्तार