गावां में डेढ़ लाख लोगों को खिलाई जायेगी फाइलेरिया रोधी दवा
संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: प्रखंड में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर आगामी 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान की शुरुआत की जायेगी. इस अभियान के तहत प्रखंड के 1 लाख 53 हजार 852 पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जायेगी. उक्त जानकारी सोमवार को चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित मीडिया कार्यशाला में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ महेश्वरम ने दी. डॉ महेश्वरम ने बताया कि यह दवा 2 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को उम्र के अनुसार अलग-अलग खुराक में दी जायेगी. अभियान की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं. यह अभियान 25 फरवरी तक चलेगा. 11 फरवरी को सहिया दीदी घर घर जाकर दवा खिलाएगी. वहीं कैम्प लगाकर दवा खिलाई जाएगी. अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी लाभार्थियों को अपने सामने दवा सेवन कराएंगे, जबकि प्रशिक्षित कर्मी अगले 14 दिनों तक घर-घर जाकर दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे. 17 पंचायतों के लिए 31 सुपरवाइजर नियुक्त किये गए है.
फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित
इस अवसर पर डॉ महेश्वरम ने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं. शुगर, ब्लड प्रेशर, अर्थराइटिस या अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति भी दवा ले सकते हैं. दवा सेवन के बाद यदि किसी को मिचली या चक्कर जैसा लक्षण महसूस होता है तो यह संकेत है कि शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवी दवा के प्रभाव से नष्ट हो रहे हैं. मौके पर डॉ नवीन कुमार, बीपीएम प्रमोद बरनवाल, एमटीएस मो कमर आदि उपस्थित थे. ' यह भी पढ़ें: बरवाडीह में धान खरीद ठप, एक माह से लैंपस गोदामों में लटका ताला, किसान मायूस