भरनो में बांस गैबियन एवं पौधारोपण कार्य का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, डीएफओ ने स्वयं पौधे लगाकर किया शुभारंभ
प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत भरनो/डेस्क: गुमला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर,आईएफएस आदर्श शरण एवं रेंजर गायत्री देवी ने गुमला वन प्रमंडल अंतर्गत भरनो प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे बांस गैबियन निर्माण एवं पौधारोपण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने अपने हाथों से पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया. अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कराया जा रहा है. पौधों को सुरक्षित रखना और उनका नियमित रखरखाव करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाले समय में यह अभियान क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित हो सके. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वनकर्मियों को पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, घेराबंदी तथा समय-समय पर निगरानी करने का निर्देश दिया.
साथ ही पौधारोपण स्थल पर लगाए गए पौधों को पशुओं से बचाने और उनकी वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया. इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग के किनारे चल रहे ब्लॉक प्लांटेशन कार्य का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सड़क किनारे लगाए जा रहे पौधों की स्थिति देखी तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग के किनारे हरियाली बढ़ने से पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ सड़क की सुंदरता भी बढ़ेगी. निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बांस गैबियन कार्यों की भी जानकारी ली. बांस गैबियन के माध्यम से मिट्टी कटाव रोकने,जल संरक्षण करने और भूमि को सुरक्षित रखने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया. मौके पर प्रभारी वनपाल राकेश कुमार मिश्रा, वनरक्षी अकील अहमद,बंधनू उरांव,अक्षयवर सिंह सहित वन विभाग के कई कर्मी एवं अन्य लोग मौजूद रहे.