निंद्रा कारीटांड में नौ स्वतंत्रता सेनानी टाना भगत गौरव स्मृति महोत्सव संपन्न
राहुल कुमार/न्यूज 11भारत
चंदवा/डेस्क: प्रखंड के सुदूरवर्ती डुमारो पंचायत अंतर्गत निंद्रा कारीटांड में सोमवार को नौ स्वतंत्रता सेनानी टाना भगत गौरव स्मृति महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में टाना भगत समुदाय के लोगों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत कलश जल यात्रा से हुई, जिसके बाद टाना भगत स्मारक स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई. मुख्य अतिथि डॉ. देवशरण भगत ने ध्वजारोहण किया, जबकि अन्य अतिथियों ने स्मारक स्थल पर नौ स्वतंत्रता सेनानियों—भोला टाना भगत, बिरसा टाना भगत, शनि टाना भगत, मकु टाना भगत, साधु टाना भगत, एतवा टाना भगत, ठीबरा टाना भगत, थोलवा टाना भगत एवं छोटया टाना भगत—की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके उपरांत आयोजित जतरा मेला का उद्घाटन वयोवृद्ध बिरसा टाना भगत ने फीता काटकर किया.
मुखदेव गोप ने टाना भगत आंदोलन की जानकारी प्रस्तुत की. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. भगत ने कहा कि निंद्रा के इन नौ स्वतंत्रता सेनानियों का देश की आजादी में अहम योगदान रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
इस अवसर पर टाना भगत समुदाय के वंशजों को सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम में रोहित यादव, सुनीता खलखो, रंधीर कुमार, सुनीता देवी, पुतुल देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता रंका टाना भगत एवं मुखदेव गोप ने की. बड़ी संख्या में टाना भगत समुदाय के लोग इस आयोजन में शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: चांडिल–कांड्रा सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 7 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी