गढ़वा जिले के नवपदस्थ उपायुक्त अनन्य मित्तल ने पदाधिकारियों के साथ की परिचयात्मक बैठक
अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के नवपदस्थ उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल ने समाहरणालय सभागार में जिले के सभी विभागों के वरीय एवं कार्यरत पदाधिकारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की. इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए जिले में संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए.बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आमजन को बेहतर सुशासन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग आवश्यक है.
उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की अद्यतन जानकारी साझा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर प्रगति बनाए रखने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी सजग रहें. साथ ही विकासात्मक योजनाओं की नियमित समीक्षा, जनसुनवाई प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब से बचने पर भी उन्होंने ध्यान देने की बात कही. बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करने पर भी चर्चा की गई. उपायुक्त ने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ करने की अपेक्षा जताई.
उपायुक्त ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक विषयों पर समय-समय पर जानकारी साझा करते रहें. वित्तीय कार्यों के संदर्भ में उन्होंने पारदर्शिता एवं सावधानी बरतने की बात कही, ताकि सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित होते रहें. बैठक में जनगणना कार्यक्रम की प्रगति पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सटीक बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि इसी के आधार पर सरकार विकास कार्यों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लेती है.
इसके अतिरिक्त, बैठक में जिले से जुड़े विभिन्न विषयों जैसे लॉ एंड ऑर्डर, विकास कार्य एवं पेयजल आपूर्ति पर भी विचार-विमर्श किया गया. उपायुक्त ने इन सभी विषयों पर समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक कदम उठाने का सुझाव दिया.
इस बैठक में उपविकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज माहेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार,गढ़वा, रूद्र प्रताप रंका एवं प्रभाकर मिर्धा(श्रीबंशीधर नगर), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री संजय कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धीरज प्रकाश, भूमि सुधार उप समाहर्ता (रंका) प्रमेश कुशवाहा, भूमि सुधार उप समाहर्ता (गढ़वा) रविश राज सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैशर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, सभी बीडीओ/सीओ सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: बीजेपी झारखण्ड प्रदेश महिला जनाक्रोश के तहत 21 अप्रैल को राज्य के 8 जगहों पर करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, देखें पूरी लिस्ट