ई रिक्शा के लिए नई मुसीबत! चाईनीज ऐप से किए जा रहे हैं हैक! न्यूज11 भारत की टीम ने किया रिएलिटी चेक
न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है. एक चाइनीज मोबाइल ऐप के जरिए ई-रिक्शा की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) तक पहुंच बनाकर वाहन बंद किए जा रहे हैं.
राजधानी रांची में एक दिन में 100 से अधिक ई रिक्शा को इस चाइनीज ऐप के जरिए निशाना बनाया गया है. बीच सड़क पर ई-रिक्शा चलते-चलते बीच सड़क में खड़ी हो जा रही है. इससे ई-रिक्शा चालकों को दिक्कत हो रही है. साथ में पैसेंजर भी परेशान हो रहे हैं. पिछले 4 दिनों में राजधानी रांची में कई मामले में देखने को मिले हैं.
दर्जनों ई-रिक्शा चालकों के साथ ऐसा हो चुका है. कोई-कोई ई-रिक्शा तो एक ही दिन में दो से तीन बार तक बंद हो जा रहा है. अचानक इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने के कारण ई-रिक्शा चालकों की चिंता बढ़ गयी है. न्यूज 11 भारत की टीम ने इस सच्चाई को अपनी आंखों के सामने देखा और सच्चाई को अपने कैमरे में भी कैद किया.
क्या है सच्चाई?
विशेषज्ञ बता रहे हैं कि असल में BAT-BMS ऐप (Battery Management System) को कंट्रोल और मॉनिटर करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ई-रिक्शा में जो लिथियम-आयन बैटरी लगती हैं, उनमें एक ब्लूटूथ-इनेबल्ड BMS होता है. इसी सिस्टम को चाइनीज ऐप से हैक कर ई रिक्शों को बंद किया जा रहा है. ऐसा बिना यूजरनेम और पासवर्ड वाले BMS सिस्टम की वजह से हो रहा है. टेक एक्सपर्ट्स की मांग है कि इस ऐप पर तुंरत रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इस ऐप का गलत ही नहीं, खतरनाक इस्तेमाल हो सकता है. सरकार और सरकारी एजेंसियों को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि ऐसा होना वाकई खतरनाक है.
यह भी पढ़ें: हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में बीपेजी के आहूत जमशेदपुर बंद का दिखा व्यापक असर* https://www.news11bharat.com/jharkhand/the-jamshedpur-bandh-called-by-the-bjp-in-protest-against-the-brutal-murder-of-h/221427