मेदनीसारे पंचायत में नारी अदालत कमेटी का गठन, महिलाओं को मिली अधिकारों की जानकारी
भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के मेदनीसारे पंचायत भवन में गुरुवार को पंचायत के मुखिया दशरथ किस्कू की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में नारी अदालत योजना के तहत एक कमेटी का गठन किया गया.
बैठक में उपस्थित गांडेय बीडीओ निशात अंजुम एवं सीओ मो. हुसैन ने उपस्थित महिलाओं को नारी अदालत योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि नारी अदालत योजना केंद्र प्रायोजित मिशन शक्ति के तहत संचालित की जा रही है.
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पंचायत स्तर पर महिलाओं द्वारा सामना किए जाने वाले छोटे प्रकृति के मामलों — जैसे उत्पीड़न, तोड़फोड़, अधिकारों में कटौती या अन्य पारिवारिक व सामाजिक विवाद — का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाएगा, ताकि महिलाओं को त्वरित न्याय मिल सके.
बताया गया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के आदेश के तहत झारखंड राज्य में कुल 10 नारी अदालत योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें गांडेय प्रखंड के मेदनीसारे पंचायत का भी चयन हुआ है. मौके पर पंचायत सेवक नुनू लाल दास, कंप्यूटर ऑपरेटर अभिषेक सिन्हा, जेएसएलपीएस के प्रखंड समन्वयक संदीप मिंज, फरीद आलम सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में कल्याण योजनाओं में भारी गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से की निष्पक्ष जांच की मांग