घाघरा के मनातू में मां ने दो मासूमों संग कुएं में लगाई छलांग, तीन मौतों से गांव में मातम
पंकज कुमार/न्यूज11 भारत गुमला/डेस्क: गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी. इस दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी, उसके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव तथा चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक चिकित्सालय में चल रहा था. मृतका के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं में नहाने जाने की बात कहकर निकली थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई.
खोजबीन के दौरान जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा तैरता नजर आया. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रस्सी और झागर के सहारे कुएं की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान सबसे पहले पांच वर्षीय अंश उरांव का शव दिखाई दिया. इसके बाद महिला और उसकी पुत्री का शव भी कुएं से बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. एक साथ मां और दो मासूम बच्चों की मौत से मनातू गांव में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.