एक ही परिवार के 5 लोगों की असामयिक मृत्यु पर जताई

पड़वा के सिक्का गांव पहुंचे विधायक सुरेश बैठा, पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस

न्यूज़11 भारत  पलामू/डेस्क: पलामू लोकसभा प्रभारी सह कांके विधायक सुरेश बैठा ने रविवार को पड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम सिक्का का दौरा किया. वहां उन्होंने एक ही परिवार में हुई अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक घटना से प्रभावित परिजनों से मुलाकात की. ज्ञात हो कि बीते कुछ दिनों के भीतर इस गांव में एक ही परिवार के कुलदीप महतो सहित पांच लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई है, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्यों का इलाज रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल में चल रहा है. इस हृदयविदारक घटना पर विधायक ने गहरा दुःख और स्तब्धता व्यक्त की.

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं. उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के इतने सदस्यों की इस तरह असमय मृत्यु होना अत्यंत पीड़ादायक और दुःखद है. दुःख की इस कठिन घड़ी में वे पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं.

बीडीओ को फोन कर दिए त्वरित सहायता के निर्देश सुरेश बैठा ने मौके से ही पड़वा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अंजलि महतो को फोन कर प्रभावित परिवार को सरकारी स्तर पर हर संभव मदद जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने रांची के रिम्स में इलाजरत परिजनों से भी बात की और अस्पताल प्रबंधन को उनके समुचित व बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

मौके पर कई कांग्रेसी नेता व ग्रामीण रहे उपस्थित इस दुःखद घड़ी में विधायक के साथ मुख्य रूप से कांग्रेस कमेटी के पलामू जिला महासचिव अभिषेक तिवारी, पाटन कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष तुलसी पासवान, मजदूर कांग्रेस पलामू के अध्यक्ष अनिल सिंह, पाटन प्रखंड कांग्रेस कमेटी के महासचिव सज्जाद अली और राजेंद्र रजक सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.