20.51 लाख रुपये की लागत से डीप बोरिंग व शौचालय का

चांडिल प्रखंड में जिला परिषद के तीन योजनाओं का विधायक सविता महतो ने किया शिलान्यास

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत  चांडिल/डेस्क: चांडिल प्रखंड क्षेत्र में जिला परिषद मद से स्वीकृत तीन विकास योजनाओं का शिलान्यास रविवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो एवं जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर किया. इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी ये योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. सरकार गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आगे भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. 

शिलान्यास की गई योजनाओं में चांडिल प्रखंड के आसनबनी पंचायत स्थित कांदरबेड़ा सरदार टोला सरकारी स्कूल के पीछे कालीचरण सिंह की जमीन में 6.50 लाख रुपये की लागत से डीप बोरिंग सह पाइपलाइन कार्य, चिलगु पंचायत के सालगाड़ीह में संजय कुंभकार के घर के सामने 6.50 लाख रुपये की लागत से डीप बोरिंग सह पाइपलाइन कार्य तथा रुचाप पंचायत के डैम रोड मार्केट कॉम्प्लेक्स परिसर में 7.51 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं पानी टंकी पर लाइन मोटर सहित निर्माण कार्य शामिल है. इन तीनों योजनाओं पर कुल 20.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.

जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल एवं स्वच्छता की सुविधा मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी. इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, मुखिया बिदू मुर्मू, मुखिया प्रतिनिधि शत्रुघन सिंह सरदार, आनंद सिंह, शिव चरण रजवाड़, मदन मुर्मू, अशोक दास, बिल्टू राय समेत काफी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित थे.