स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की आपात बैठक—

पोटका में मलेरिया पर विधायक संजीव सरदार का एक्शन, सीएचसी और प्रभावित गांवों का किया दौरा

प्रभात कुमार/न्यूज़11 भारत जमशेदपुर/डेस्क: पोटका प्रखंड के दर्जनों गांवों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को गंभीरता से लेते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया. इसके बाद विधायक प्रभावित गांवों का दौरा करने पहुंचे तथा ब्रेन मलेरिया से मृत सानग्राम गांव के लखी सरदार के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. सीएचसी निरीक्षण के बाद विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के प्रदेश, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर मलेरिया नियंत्रण को लेकर युद्धस्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए.

प्रभावित गांवों में कैंप, जांच,दवा वितरण व डीडीटी छिड़काव के निर्देश बैठक में विधायक ने प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच करने, आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने तथा डीडीटी पाउडर का व्यापक छिड़काव कराने का निर्देश दिया. उन्होंने बीमारी से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया. विधायक ने अधिकारियों को अन्य प्रखंडों से अतिरिक्त एमपीडब्ल्यू की प्रतिनियुक्ति कराने, टाटा स्टील के सहयोग से प्रभावित गांवों में मच्छरदानी वितरित कराने तथा एक-दो दिनों के भीतर डीडीटी छिड़काव शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ शोकॉज की कार्रवाई की जाए.

मलेरिया मुक्त पोटका के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम: विधायक विधायक संजीव सरदार ने कहा कि प्रखंड के कुछ क्षेत्र मलेरिया जोन बन चुके हैं. ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से समन्वित एवं युद्धस्तर पर अभियान चलाए, ताकि बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके. उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने तथा राहत कार्य में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया.