न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दुर्गा पूजा का अवसर सोमवार को जामताड़ा के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ. हर साल की भांति इस वर्ष भी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने परंपरा निभाते हुए लगभग 40 हज़ार साड़ियों और सूट और 4 हजार बूढ़े एवं बुजुर्गों को धोती का वितरण किया. साथ ही महिलाओं को दुर्गा पूजा के पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया.
इस अवसर पर जामताड़ा की सड़कों का नजारा किसी मेले से कम नहीं रहा. चारों ओर महिलाओं की भीड़, उनके चेहरों पर खुशी और मंत्री इरफान अंसारी के प्रति आभार का भाव साफ झलक रहा था. भीड़ इतनी अधिक थी कि ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई, लेकिन प्रशासन और पुलिस बल की तैनाती से हालात नियंत्रण में रहे.
25 वर्ष पूर्व हुई थी परंपरा की शुरुआत
बता दें कि साड़ी वितरण के परंपरा की शुरुआत मंत्री इरफान अंसारी के पिता फुरकान अंसारी और शिबू सोरेन ने लगभग 25 वर्ष पूर्व की थी. आज भी डॉ. इरफान अंसारी उसी परंपरा को निभा रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह दिन मेरे लिए बहुत भावुक और ऐतिहासिक है. यह आयोजन मेरे लिए रस्म नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है. मेरे पिता जी ने जो परंपरा शुरू की थी, मैं उसी राह पर चल रहा हूं. गरीब और जरूरतमंद बहनों को साड़ी बांटना और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना मेरे जीवन का उद्देश्य है.
उन्होंने आगे कहा कि मेरे पिता और गुरुजी शिबू सोरेन ने हमेशा जनता की सेवा की है. उनकी प्रेरणा ही मुझे हर दिन जनता के बीच रहने और उनकी समस्याओं को हल करने की शक्ति देती है. मेरे लिए राजनीति से बढ़कर जनता का विश्वास और राज्य का विकास प्राथमिकता है. मैं वादा करता हूं कि जीवनभर जनता की सेवा करता रहूंगा, चाहे हालात कितने भी कठिन क्यों न हों. जामताड़ा की ऐतिहासिक परंपरा और जनता के अपार स्नेह ने यह दिन अविस्मरणीय बना दिया.
ये भी पढ़ें- बोकारो जिले के 13 मजदूर आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में फंसे, परिजनों ने मंत्री योगेंद्र महतो से लगाई वापसी की गुहार