चंदनकियारी में मेगा विधिक सशक्तीकरण शिविर का आयोजन, सैकड़ों लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार बोकारो अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में बोकारो जिला प्रशासन के घनिष्ठ समन्वय से रविवार को चंदनकियारी प्रखंड सभागार में मेगा विधिक सशक्तीकरण शिविर आयोजित किया गया.
शिविर में न्यायिक अधिकारियों की निगरानी तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के कुशल संचालन में जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना, विधिक जागरूकता फैलाना तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना था. इसके साथ ही मध्यस्थता, विधिक सहायता एवं परामर्श के माध्यम से विवादों के त्वरित निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया.
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिससे लोगों में जागरूकता के साथ-साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा.