गुमला में कांग्रेस पार्टी के संगठन-सृजन अभियान के तहत बसिया व कमडारा में बैठक सम्पन्न
नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिय/डेस्क : अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत गुमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया अब शहर से निकलकर प्रखंडों और पंचायतों तक पहुँच चुकी है. तय कार्यक्रम के तहत रविवार को कामडरा प्रखंड के हरिजन भवन और बसिया प्रखंड के वन विश्रामागार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
बैठक में मुख्य रूप से एआईसीसी द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर व राजस्थान के पूर्व मंत्री सह पूर्व सांसद डॉ. रघु शर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, झारखंड आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान और जिला कांग्रेस अध्यक्ष चैतू उरांव उपस्थित रहे. कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर आलाकमान के समक्ष जिलाध्यक्ष चयन को लेकर अपनी राय रखी, जिसे डॉ. शर्मा ने बारीकी से नोट किया.
डॉ. शर्मा ने कहा कि मैं 40 वर्षों से कांग्रेस से जुड़ा हूँ. पहले बड़े नेताओं के कहने पर अध्यक्ष बना दिए जाते थे, लेकिन आज राहुल गांधी ने परंपरा बदल दी है. अब अध्यक्ष वही बनेगा जिसे आम कार्यकर्ता की सहमति और आशीर्वाद मिलेगा. उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान बूथ स्तर तक ले जाया जा रहा है. हम गुमला जिले के 12 प्रखंडों में जाएंगे. हर कार्यकर्ता से राय लेंगे और उसी भावना से नया जिलाध्यक्ष चुना जाएगा. यहां तक कि दिल्ली से कोई भी फोन कर पूछताछ कर सकता है कि आपने राय दी है या नहीं. एक माह के भीतर नया जिलाध्यक्ष चुन लिया जाएगा और वही पद पर रहेगा, जो जमीन पर काम करेगा,” उन्होंने कहा.
डॉ. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता है. यही कारण है कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की राय सीधे नेतृत्व तक पहुँचाना और लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार का चयन पूरी तरह पारदर्शी होगा. “हमें ऐसा नेतृत्व चाहिए जो जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठा सके, समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चले और संगठन को नई ऊर्जा दे. यही राहुल गांधी का सपना है,”
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदानों से भरा है. “हम उस पार्टी के सिपाही हैं, जिसने इंदिरा गांधी जैसी लौह महिला प्रधानमंत्री और राजीव गांधी जैसे दूरदर्शी नेता को खोया. लाखों कार्यकर्ताओं ने अपनी जानें कुर्बान कीं, तब जाकर हमें यह आजादी और संविधान मिला,”
बंधु तिर्की ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गाँव-गाँव जाकर लोगों के सुख-दुख में भागीदार बनें और सामाजिक समरसता की रक्षा करें. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भाजपा-आरएसएस के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं. अब हमें भी कमर कसकर इस लड़ाई में कूदना होगा और संविधान की रक्षा करनी होगी.
आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने कहा कि राहुल गांधी का सपना है कि पंचायत स्तर पर कांग्रेस एक मजबूत ताकत बने. यह पहली बार है जब राष्ट्रीय स्तर के नेता पंचायत के कार्यकर्ताओं से सीधे मिल रहे हैं. राजीव गांधी ने पंचायती राज की नींव रखी थी और आज उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस संगठन को परिवार की तरह गढ़ रही है.
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश सचिव रोशन बारवा, जिला महासचिव फिरोज आलम, जिला सचिव तरुण गोप,सैयद खालिद, आफताब आलम लाडले, इकरामुल हक, प्रखंड पर्यवेक्षक विजय ठाकुर, बसिया पर्यवेक्षक अजित गुड़िया, कामडरा प्रखंड अध्यक्ष अजित केरकेट्टा, महिला प्रखंड अध्यक्ष यशोदा देवी, युवा प्रखंड अध्यक्ष विष्णु बड़ाइक, एससी प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश राम, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष शकील खान, बसिया प्रखंड अध्यक्ष विकास साहू, युवा अध्यक्ष पप्पू होता, अभय चौधरी, जेडी नायक, समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: गोल्फ ग्राउंड में झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ की मांगों के समर्थन में बैठक