झारखंड

विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर खलारी में बैठक, बीएलओ एवं बीएलए-2 को दिए गए आवश्यक निर्देश

मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत खलारी/डेस्क: कांके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत खलारी प्रखंड के 69 मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बुधवार को खलारी प्रखंड मुख्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी खलारी प्रणव अंबष्ट ने की. बैठक में सभी 69 बूथों के बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 उपस्थित थे. इस दौरान सभी बीएलओ का उनके संबंधित क्षेत्र के बीएलए-2 से परिचय कराया गया तथा वर्तमान में संचालित मैपिंग कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही बीएलए-2 से निर्वाचन संबंधी कार्यों में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया. सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रणव अंबष्ट ने बीएलओ एवं बीएलए-2 को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. बैठक के अंत में उन्होंने उपस्थित सभी बीएलए-2, बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को बैठक में सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया.