चंदवा के सासंग में मातेश्वरी विवाह भवन का उद्घाटन, सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी आधुनिक सुविधा
राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: प्रखंड क्षेत्र के सासंग गांव में नवनिर्मित मातेश्वरी विवाह भवन का भव्य उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व शिक्षा एवं मद्य निषेध मंत्री सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष शामिल हुए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विवाह भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को शादी-विवाह समेत अन्य सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सुविधा मिलेगी. पहले लोगों को बड़े आयोजनों के लिए दूर-दराज के स्थानों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन उपलब्ध हो गया है.
इस अवसर पर जिला सचिव दुर्गेश उरांव, जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव, विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार, जेएमएम जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव, ममता सिंह, आरती देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
विवाह भवन के संचालक लाल मोती नाथ शाहदेव ने बताया कि भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि शादी-विवाह के साथ-साथ अन्य सामाजिक कार्यक्रम भी आसानी से आयोजित किए जा सकें. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विवाह भवन का निरीक्षण कर इसके निर्माण कार्य की सराहना की.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह के बिरसा सेवा सदन में इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन, सैकड़ों लोग हुए शामिल