गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा, 5 हजार में व्यापारियों का नंबर देते हैं राहुल-कौशल और सुदीश-राकेश
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: पाकिस्तान में छिपे गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर जांच एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस और खुफिया इनपुट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में जिन कारोबारियों को रंगदारी के लिए कॉल किए गए, उनके मोबाइल नंबर रांची और बोकारो के स्थानीय लोगों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे थे. जांच में सामने आया है कि रांची के राहुल राणा और कौशल पंडित के साथ-साथ बोकारो के राकेश सिंह और सुदीश ओझा जैसे नाम इस नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. बताया जा रहा है कि ये युवक मामूली रकम के लालच में व्यापारियों की संवेदनशील जानकारी गैंग तक पहुंचा रहे हैं. जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये लोग स्थानीय स्तर पर बड़े व्यापारियों, बिल्डरों और प्रभावशाली व्यक्तियों की रेकी करते हैं. इसके बाद उनके मोबाइल नंबर, कारोबार और पारिवारिक विवरण जुटाकर प्रिंस खान तक पहुंचाए जाते हैं. हैरानी की बात यह है कि इस काम के बदले इन्हें मात्र 5,000 रुपये तक का भुगतान किया जाता है. सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क बेहद सुनियोजित और शातिर तरीके से काम करता है. सुदीश ओझा और राकेश सिंह जैसे लोग व्यापारिक प्रतिष्ठानों में संपर्क बढ़ाकर निजी नंबर हासिल करते हैं, जबकि राहुल राणा और कौशल पंडित इन सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से आगे भेजते हैं. जानकारी मिलते ही गैंग की ओर से प्रिंस खान के नाम पर धमकी भरे कॉल और वीडियो संदेश भेजे जाते हैं. जांच में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है कि इस गिरोह में रांची की कुछ युवतियों की भी संलिप्तता होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि प्रिंस खान विदेश में बैठकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा है, जबकि स्थानीय स्तर पर सक्रिय सहयोगियों की मदद से उसका रंगदारी का धंधा लगातार फैल रहा है. ये भी पढ़ें- विष्णुगढ़ में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं में 70 लाख की कथित हेराफेरी, जांच की मांग