माधोपुर गांव में देर रात संयुक्त छापेमारी, इंटरनेट

कोडरमा में आईबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आतंकी का वीडियो साझा करने के आरोप में पांच हिरासत में

न्यूज11 भारत कोडरमा/डेस्क: कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सोमवार की सुबह आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया. सभी हिरासत में लिए गए व्यक्ति माधोपुर गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं. उन पर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर किसी आतंकी का वीडियो क्लिप साझा कर मुस्लिम युवाओं को देश और अन्य धर्मों के प्रति भड़काने का आरोप है.

जानकारी के अनुसार, भारतीय खुफिया एजेंसियों को इस संबंध में इनपुट प्राप्त हुआ था. इसके बाद आईबी ने मामले की सूचना कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष को दी. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया. रविवार देर रात आईबी और कोडरमा पुलिस की संयुक्त टीम ने माधोपुर गांव में छापेमारी कर पांचों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया.

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच कर रही हैं. उनसे पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किन-किन लोगों के संपर्क में थे और कथित आपत्तिजनक सामग्री किस माध्यम एवं उद्देश्य से साझा की जा रही थी. फिलहाल पुलिस और आईबी की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. वहीं, इस कार्रवाई के बाद माधोपुर गांव और आसपास के इलाके में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा.

यह भी पढ़ें- झारखंड में JPSC और JSSC द्वारा खुलेआम बेची गई है नौकरियां: बाबूलाल मरांडी