चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले भगोड़े प्रिंस खान के दो मुख्य गुर्गे बिहार से गिरफ्तार
कुमार चंदन/न्यूज़11 भारत चतरा/डेस्क: चतरा जिले में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. दुबई में बैठे भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के दो मुख्य सहयोगियों को बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. आपको बता दें कि कुछ महीने पहले प्रिंस खान ने लोजपा (आर) नेता और पत्थर व्यवसायी प्रेमचंद सिंह को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी. फिरौती न देने पर उसने खोपड़ी खोलने और पोते का मुंह न देखने देने जैसी खौफनाक धमकी दी थी.हंटरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, चतरा एसपी के निर्देश और एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
इसी टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार के भोजपुर (गिद्धा) से मोहम्मद अस्फाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी प्रिंस खान गिरोह की रीढ़ थे. इनका मुख्य काम शूटरों तक पैसा पहुंचाना, रेकी करना और हवाला के जरिए विदेशों से आर्थिक लेन-देन करना था. इनके पास से एक मोबाइल और पैसों के ट्रांजेक्शन (Transaction Details) के पुख्ता सुबूत मिले हैं. गिरफ्तार सद्दाब अंसारी का धनबाद में पहले से ही गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है. ज्ञात हो कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में वादी को धमकी देने और फायरिंग की तैयारी करने वाले अमन खान, मुर्तजा, नाजिम और आयुष सहित चार गुर्गों को चतरा पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार सघन छापेमारी कर रही है.