भोजूडीह ओपी पुलिस ने बुधवार को अवैध शराब के खिलाफ

भोजूडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो गिरफ्तार

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत चंदनकियारी/डेस्क: भोजूडीह ओपी पुलिस ने बुधवार को अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए छापेमारी अभियान में 14 लीटर महुआ शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.

जानकारी के अनुसार, भोजूडीह ओपी प्रभारी कुंदन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने भोजूडीह क्षेत्र में सड़क पर ब्रेकर लगाकर वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 14 लीटर महुआ शराब बरामद हुई.

पुलिस ने मौके से भोजूडीह ओपी क्षेत्र के पोलकिरी गांव के छाताडीह टोला निवासी गोरांग बाउरी तथा सुदामडीह थाना क्षेत्र के सुदामडीह निवासी किशोर राय को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के कब्जे से अवैध शराब बरामद होने के बाद मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया.

ओपी प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: चंदवा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोग घायल, एक रेफर