CID के साइबर थाना को मिली बड़ी सफलता, गूगल सर्च से ठगी के बड़े खेल का उद्भेदन..3 शातिर ठग हजारीबाग से गिरफ्तार
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड सीआईडी के साइबर क्राइम थाना को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. CID की टीम ने गूगल सर्च के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान रवि कुमार साव, अरुण कुमार ठाकुर और नारायण कुमार यादव के रूप में हुई है, जिन्हें हजारीबाग से पकड़ा गया. गूगल सर्च के जरिए ठगी का खुलासा जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने GAIL India के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर इंटरनेट पर डाल रखा था. रांची के एक पीड़ित ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया, लेकिन सर्च रिजल्ट में दिखा नंबर असली नहीं बल्कि ठगों द्वारा अपलोड किया गया था. WhatsApp लिंक से खाते साफ आरोपियों ने खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर पीड़ित से संपर्क किया और उसे WhatsApp पर एक लिंक भेजा. प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पीड़ित से बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली गई. इसके बाद उसके खाते से 19.85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई. तकनीकी जांच से गिरफ्तारी शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना ने तकनीकी जांच शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हजारीबाग से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं. पुलिस की अपील सीआईडी ने आम लोगों से अपील की है कि गूगल सर्च में दिखने वाले किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर आंख बंद कर भरोसा न करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें. साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है. ये भी पढ़ें- CM हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण परिषद की बैठक, 6 कैदियों को रिहा करने पर बनी सहमति