मैकलुस्कीगंज में बड़ी कार्रवाई: हथियार और स्कॉर्पियो के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत खलारी/डेस्क: मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध आग्नेयास्त्र और वाहन के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल की रात वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ अपराधी हथियार के साथ खलारी से मैकलुस्कीगंज की ओर जा रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मैकलुस्कीगंज थाना की गश्ती टीम को तत्काल वाहन जांच का निर्देश दिया गया.
इसी क्रम में चीनाटांड़ के समीप रात करीब 1 बजे वाहन जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो (जेएच 01 सीबी-1323) को रोका गया. वाहन में सवार दो युवकों की पहचान रुस्तम अंसारी उर्फ सोनू एवं मो. जैद अंसारी उर्फ अरमान अंसारी के रूप में हुई, जो खलारी थाना क्षेत्र के जेहली टांड़, जिला रांची के निवासी हैं. तलाशी के दौरान रुस्तम अंसारी के पास से 7.65 एमएम का एक लोडेड पिस्टल बरामद किया गया, जिसकी मैगजीन में दो जिंदा कारतूस मौजूद थे. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं.
पुलिस ने उनके पास से एक 7.65 एमएम लोडेड पिस्टल, 02 जिंदा कारतूस, 02 टच स्क्रीन मोबाइल फोन एवं स्कॉर्पियो वाहन (जेएच 01 सीबी-1323) बरामद किया है. इस कार्रवाई में खलारी थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा सहित पु.नि. डेगन कुमार, पु.नि. बिरजू प्रसाद एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: गुमला में मनाया गया सरहुल महोत्सव, 27 खोड़हा के लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग