जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों और जनस्वास्थ्य की सु

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: गुमला में विशेष छापेमारी, 7 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना

किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज़11 भारत  गुमला/डेस्क: जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया. उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश पर हुए इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज ने किया. टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, किराना दुकानों तथा थोक-खुदरा विक्रेताओं की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, लाइसेंस, पंजीकरण, एक्सपायरी तिथि और लेबलिंग का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई. अधिकारियों ने वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा खाद्य सामग्री को समाचार पत्र में लपेटकर या परोसकर नहीं देने के निर्देश दिए. जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य लाइसेंस नहीं था, उन्हें एक सप्ताह के भीतर लाइसेंस बनवाने को कहा गया.

अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करते हुए नियमों के उल्लंघन पर सात प्रतिष्ठानों से कुल ₹2200 का अर्थदंड वसूला गया. विद्यालयों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर रोक का भी निरीक्षण किया गया. विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे.