रांची CID की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार
न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: रांची में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआईडी ने एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर लोगों को ठगने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो कई राज्यों में सक्रिय बताया जा रहा है. सीआईडी की टीम ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है. जांच में सामने आया है कि आरोपी वीडियो कॉल के जरिए खुद को अधिकारी बताकर लोगों को डराता था और फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे ट्रांसफर करवाता था. आरोपी "डिजिटल अरेस्ट" का डर दिखाकर पीड़ितों को मानसिक दबाव में लाता था और फिर उनसे रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा करवाई जाती थी. इन खातों को फर्जी तरीके से तैयार किया गया था, ताकि ठगी के पैसों को ट्रैक करना मुश्किल हो. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. ये भी पढ़ें- खूंटी: रामनवमी जुलूस के बाद मुरहू में बवाल, पथराव से तनाव... प्रशासन अलर्ट, निषेधाज्ञा लागू