महानिदेशक जीएसटी खुफिया (डीजीजीआई) की टीम ने बुधवा

डीजीजीआई की टीम की बड़ी कार्रवाई, स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा गिरफ्तार

न्यूज़11 भारत  जमशेदपुर/डेस्क: महानिदेशक जीएसटी खुफिया (डीजीजीआई) की टीम ने बुधवार को बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया. उन पर 100 करोड़ के फर्जी बिलों के जरिए भारी टैक्स चोरी करने का गंभीर आरोप है. डीजीजीआई की जांच में यह बात सामने आई है कि अजय शर्मा का संबंध स्क्रैप कारोबार से जुड़े उस बड़े टैक्स चोरी नेटवर्क से है, जिसमें पहले ही कई दिग्गजों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है. जांच के दौरान उनका नाम इस सिंडिकेट से जुड़े स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता के बयानों और साक्ष्यों में सामने आया. 

इसके बाद डीजीजीआई की टीम ने अजय शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की. लंबी पूछताछ के बाद पुख्ता सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची. मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. गौरतलब है कि इसी मामले में आरोपी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता करीब एक वर्ष से रांची जेल में बंद हैं. डीजीजीआई का मानना है कि अजय शर्मा इस सिंडिकेट का एक अहम हिस्सा हैं. फिलहाल जांच एजेंसी इस रैकेट से जुड़े अन्य पहलुओं और शहर के कुछ और कारोबारियों की भूमिका की सघन जांच कर रही है.