झारखंड

अवैध बालू तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: खनन विभाग व अमलाबाद पुलिस ने दो ट्रैक्टर किए जब्त

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत

चंदनकियारी/डेस्क:  उपायुक्त बोकारो के निर्देशानुसार अवैध बालू खनन एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार (30 मई 2026) को जिला खनन विभाग और अमलाबाद ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया. यह छापेमारी चंदनकियारी-धनबाद मुख्य मार्ग पर झरना बस्ती (झरना आश्रम) के समीप की गई.

जानकारी के अनुसार, सीतानाला की ओर से चंदनकियारी की तरफ आ रहे दो ट्रैक्टरों को रोककर उनके कागजात की जांच की गई. जांच के दौरान चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रैक्टर सीतानाला क्षेत्र के बताए जा रहे हैं और दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू उठाव कर गंतव्य की ओर ले जाए जा रहे थे. खनन विभाग ने दोनों ट्रैक्टरों को विधिवत जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए अमलाबाद ओपी को सुपुर्द कर दिया है.

इस अभियान में खान निरीक्षक सीताराम टुडू, खान निरीक्षक अजय कुमार महतो तथा अमलाबाद ओपी पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही.

बालू तस्करी पर नहीं लग पा रही लगाम

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अमलाबाद समेत चंदनकियारी प्रखंड के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में अवैध बालू खनन एवं तस्करी का कारोबार लगातार जारी है. दामोदर नदी सहित अन्य घाटों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का उठाव किया जा रहा है. दिन हो या रात, ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू की ढुलाई आम बात बन गई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर छापेमारी और कार्रवाई तो करता है, लेकिन इसके बावजूद यह अवैध कारोबार पूरी तरह थम नहीं पा रहा है. लोगों ने प्रशासन से नियमित निगरानी और लगातार कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि अवैध खनन और राजस्व क्षति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

यह भी पढ़ें: गिद्दी में सीसीएल परियोजना के मैनेजर समेत पांच अधिकारियों-कर्मचारियों के ठिकानों पर सीबीआई ने दी दबिश