खूंटी: रामनवमी जुलूस के बाद मुरहू में बवाल, पथराव से तनाव... प्रशासन अलर्ट, निषेधाज्ञा लागू
न्यूज11 भारत खूंटी/डेस्क: खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी शोभा यात्रा के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. शुक्रवार देर रात शुरू हुआ मामूली विवाद शनिवार को अचानक उग्र हो गया, जब दो समुदायों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया. दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थिति ऐसी बन गई कि लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, वहीं स्थानीय दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं और सड़कें सुनसान हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की. अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी खुद घटनास्थल पर मौजूद थीं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थीं. हालात को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने मुरहू मुख्य सड़क पर बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है. इसके साथ ही इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें वज्र वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स की टीम, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी शामिल हैं. आसपास के थाना क्षेत्रों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है. प्रशासन के अनुसार, विवाद की शुरुआत रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थर लगने की घटना से हुई थी, हालांकि पत्थर कहां से आया इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है, साथ ही साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ये भी पढ़ें- IIM रांची के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल संतोष गंगवार, उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दी बधाई