गांडेय में खरीफ फसल कार्यशाला आयोजित, किसानों को कम वर्षा आधारित खेती की सलाह
भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ फसल कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने की, जबकि संचालन बीटीएम सच्चिदानंद कुमार ने किया.
कार्यशाला में मुख्य अतिथि प्रमुख राजकुमार पाठक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष अल्प वर्षा होने की संभावना है. ऐसे में किसानों को कम वर्षा आधारित कृषि पद्धति अपनाने पर जोर देना चाहिए. उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर उसका लाभ उठाने की अपील की.
मौके पर बीएओ संजय कुमार ने कहा कि किसान मोटा अनाज की खेती को बढ़ावा दें तथा धान की खेती के लिए अभी से तैयारी शुरू करें. उन्होंने सिंचाई सुविधा वाले क्षेत्रों में खेती पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी. कार्यशाला के दौरान कृषक मित्रों को मिट्टी जांच फॉर्म उपलब्ध कराया गया तथा मिट्टी जांच कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
इस अवसर पर एटीएम निर्मला रविकर, कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्ष सरजू प्रसाद वर्मा, कृषक मित्र नरेश वर्मा, संदीप यादव, सिकंदर मंडल, ताहिर अंसारी, कादिर अंसारी, मुख्तार अंसारी, राजेंद्र मंडल, जिमोली हांसदा, रोहित कुमार सिंह, संतोष रवानी समेत कई लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत 20 पंचायतों में पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता व लाभुक संतृप्तीकरण शिविर