झारखंड

JSSC-CGL पेपर लीक मामले पर शुक्रवार को होगी सुनवाई, हाईकोर्ट में राज्य सरकार और आयोग पेश करेंगे पक्ष

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड हाईकोर्ट में चर्चित JSSC-CGL पेपर लीक मामले को लेकर दाखिल याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होगी. इस दौरान राज्य सरकार और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से पक्ष रखा जाएगा.

बुधवार को हुई पिछली सुनवाई में प्राथी और हस्तक्षेपकर्ता की ओर से अपने-अपने तर्क पेश किए गए थे. प्राथी की ओर से कोर्ट को बताया गया कि गेस पेपर के 50 प्रतिशत से अधिक प्रश्न वास्तविक परीक्षा में पूछे गए, जिससे पेपर लीक की संभावना और गहरी हो जाती हैं. वहीं, हस्तक्षेपकर्ता की ओर से कोर्ट को यह दलील दी गई कि पेपर लीक से संबंधित कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया हैं. किसी भी अभ्यर्थी ने इस संबंध में औपचारिक शिकायत नहीं की हैं. उन्होंने कहा कि कुछ कोचिंग संस्थान अफवाह फैलाकर माहौल बना रहे हैं.

गौरतलब है कि, JSSC-CGL परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी. परीक्षा के दौरान प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए थे, यहां तक कि इंटरनेट सेवा भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई थी. इसके बावजूद पेपर लीक की शिकायतें सामने आई, जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच CID को सौंप दी.

यह भी पढ़े: पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला की कांग्रेस में घर वापसी, आज दोपहर तीन बजे ग्रहण पार्टी की सदस्यता