झारखंड

PNG विस्तार को गति देने के लिए झारखंड चैम्बर एवं GAIL इंडिया का संयुक्त कैंप आयोजित

न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा गेल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से आज चैम्बर भवन में एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया. इस अवसर पर गेल के अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें रांची शहर में पीएनजी योजना के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान सदस्यों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए स्वयं आवेदन करने की इच्छा जताई. यह भी सहमति बनी कि प्रत्येक 15–20 दिनों के अंतराल पर चैम्बर और गेल इंडिया की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यों में तेजी लाई जा सके.

गेल के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि झारखंड चैम्बर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली प्रायोरिटी लिस्ट के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में शीघ्र पीएनजी कनेक्शन इंस्टॉल किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य प्रतिमाह 8,000 कनेक्शन प्रदान करने का है. वर्तमान में रांची के लगभग 20 स्थानों पर कार्य प्रगति पर है तथा आगामी छह माह में पूरे क्षेत्र में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने हेतु विभिन्न विभागों से अनुमति प्राप्त करने में विलंब हो रहा है. कुछ स्थानों पर स्थानीय निवासियों के व्यवधान के कारण भी कार्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने बनारस और भुवनेश्वर की तर्ज पर रांची में भी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी लागू करने की आवश्यकता बताई. 

अधिकारीयों द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि इस रविवार पीपी कंपाउंड स्थित शाहदेव टावर में कैंप आयोजित कर सोसाइटी के उपयोगकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. वर्तमान में रांची में 28 सीएनजी स्टेशन संचालित हैं, जिससे आम जनता को लाभ मिल रहा है. पीएनजी कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल कनेक्शन के लिए 9958435495 पर संपर्क किया जा सकता है.

चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने पीएनजी की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि कई लोगों ने काफी पहले ही आवेदन किया है, इसलिए जिन आवेदनों को अस्वीकृत किया जा रहा है, उनके रिजेक्शन का कारण शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक पहल कर समस्या का समाधान किया जा सके. महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा. सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन के प्रति सदस्यों में उत्साह है और अधिक से अधिक व्यापारी इससे जुड़ने के लिए तत्पर हैं. उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह ने कहा कि नियमित बैठकों एवं समन्वय के माध्यम से पीएनजी योजना का विस्तार शीघ्र सुनिश्चित किया जाएगा तथा आने वाली बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.

बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, पूर्व अध्यक्ष केके साबू, धीरज तनेजा, उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह, अनीश सिंह, राजीव चौधरी, आनंद जालान के अलावा गेल इंडिया लिमिटेड के अधिकारीगण उपस्थित थे.  ये भी पढ़ें- BJP की मांग: मनोज कौशिक को CID से हटाए बिना ट्रेजरी स्कैम की निष्पक्ष जांच संभव नहीं