झारखंड विधानसभा का बजट सत्र संपन्न, 1.58 लाख करोड़ का बजट पारित
न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से 18 मार्च तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. सत्र की शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हुई. इस सत्र की खास बात यह रही कि पहली बार राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष की ओर से कोई संशोधन प्रस्ताव नहीं लाया गया. कुल 17 कार्य दिवसों तक चला यह सत्र अधिकांश समय सुचारु रूप से संचालित हुआ और केवल एक बार कुछ मिनटों के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. सत्र के शुरुआती 10 कार्य दिवसों तक विपक्ष, विशेषकर बीजेपी, अपेक्षाकृत शांत नजर आई और किसी प्रकार का कार्य स्थगन प्रस्ताव पेश नहीं किया गया. इतना ही नहीं, पहली बार प्रमुख विपक्षी दल के एक विधायक ने अपना कटौती प्रस्ताव भी वापस ले लिया. इस दौरान राज्य सरकार ने 1 लाख 58 हजार करोड़ रुपये का बजट पारित कराया. साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए तीसरा अनुपूरक बजट भी सदन से मंजूर किया गया. विधानसभा ने विनियोग विधेयक और झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक 2026 को भी पारित किया. इसके अलावा VB-GRAMG के खिलाफ सदन में एक प्रस्ताव भी पारित हुआ. हालांकि, सत्र के दौरान एक छोटा सा व्यवधान तब देखने को मिला जब मांडू विधायक को कुछ मिनटों के लिए मार्शल आउट किया गया. सत्र के अंतिम दिन 48 गैर-सरकारी संकल्प पेश किए गए. कुल मिलाकर, यह बजट सत्र अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा, जिसमें विधायी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हुए. ये भी पढ़ें- ग्रामीण विकास विभाग टेंडर घोटाला मामले में ED की कार्रवाई तेज, 14 नए आरोपी शामिल