झारखंड

झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र: राजधानी रांची में सख्त सुरक्षा व्यवस्था, रांची पुलिस ने की सुरक्षा ब्रीफिंग

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: 5 दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चलने वाले झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं. विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अचूक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है. सुरक्षा ब्रीफिंग के दौरान रांची एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीएम, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), कई डीएसपी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे. अधिकारियों ने सभी सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि तैनाती के दौरान किसी भी नागरिक के साथ दुर्व्यवहार न करें और सतर्कता बनाए रखें. विधानसभा सत्र के दौरान भवन के अंदर से लेकर बाहर तक सुरक्षा घेरा और मजबूत किया जाएगा. संभावित विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए शहर के कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. विधानसभा की ओर आने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जाएगी. एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि सत्र के दौरान बिना अनुमति किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है, जिससे शीतकालीन सत्र शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके. ये भी पढ़ें- हजारीबाग वन भूमि घोटाला: विनय सिंह को झारखंड हाईकोर्ट से नहीं मिली बेल, जमानत याचिका खारिज