जमशेदपुर का कुख्यात भानू धनबाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल, राजगंज के निकट हुई भिड़ंत
प्रियेश/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: जमशेदपुर का कुख्यात भानू मांझी धनबाद पुलिस की मुठभेड़ में घायल हो गया है. मंगलवार की सुबह साढ़े चार बजे राजगंज-तेतुलमारी मुख्य सड़क पर स्थित तिलाटांड़ जंगल के पास मुठभेड़ हुई. इसमें भानू के पैर में गोली लगी है. जख्मी हालत में उसे असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भानू मांझी को धनबाद पुलिस की लंबे समय से तलाश थी. हाल के दिनों में भानू मांझी की धनबाद में लगातार सक्रियता बढ़ गई थी. पुलिस सरगर्मी से खोज रही थी. हाल के दिनों में वह वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान और प्रिंस के गुर्गे सैफी से मिलकर धनबाद सहित झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी वसूली में लगा हुआ था. एक दिन पहले ही भानू के चार शूटरों को गिरफ्तार कर धनबाद पुलिस ने जेल भेजा था. मंगलवार की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भानू धनबाद आ रहा है. घटना स्थल पर पुलिस को देखकर वह अचानक भागने लगा. पुलिस ने उसकी बाइक का पीछा किया तो भानू ने 9 एमएम पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी. गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी. पुलिस ने घेर कर उसके पैर में गोली मार दी, इसके बाद वह वहीं गिर गया.
घटना की सूचना पाकर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, डीएसपी लॉ एंड आर्डर नौशाद आलम व बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह पहुंचे. घटना स्थल से एक पिस्टल व खोखा व बाइक बरामद किया गया. एसएसपी ने बताया कि घायल भानू पर जमशेदपुर में कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल वह प्रिंस खान के लिए काम करता था. पुलिस को उसके धनबाद पहुंचने की सूचना मिली थी. पुलिस उसे पकड़ने के प्रयास में थी, इसी बीच उसने फायरिंग कर दी.
यह भी पढ़ें: धनबाद: जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश