सुझाव दिया है कि नई पुलिस बहाली होने तक आईआरबी, जै

पुलिस बल की कमी दूर होने तक IRB, JAP और होमगार्ड को थानों में तैनात किया जाए: प्रीतम भाटिया

न्यूज़11 भारत  रांची/डेस्क: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रीतम सिंह भाटिया ने झारखंड में पुलिस बल की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रिजर्व पुलिस बल के बेहतर उपयोग की मांग की है. उन्होंने सुझाव दिया है कि नई पुलिस बहाली होने तक आईआरबी, जैप और होमगार्ड जैसे रिजर्व बलों का इस्तेमाल थानों की पुलिसिंग और 112 पुलिस कंट्रोल की पेट्रोलिंग व्यवस्था में किया जाए.

प्रीतम भाटिया ने झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल की कमी को लचर पुलिसिंग और प्रभावी पेट्रोलिंग में बड़ी बाधा बताया था. उन्होंने कहा कि नई बहाली में समय लग सकता है, ऐसे में उपलब्ध रिजर्व पुलिस बल का उपयोग प्रभावी पुलिसिंग के लिए किया जाना चाहिए. उन्होंने इससे पहले रसूखदार लोगों के बॉडीगार्ड हटाकर थानों में तैनात करने तथा 112 की पेट्रोलिंग गाड़ियों में पर्याप्त बल और हथियार उपलब्ध कराने से जुड़े सुझावों का भी उल्लेख किया.

भाटिया ने कहा कि पुलिस बल को केवल कैंप में रिजर्व रखने के बजाय जरूरत के अनुसार कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में लगाया जाना चाहिए. उन्होंने जामताड़ा के पूर्व एसपी अनिमेष नैथानी के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जामताड़ा आईआरबी के रिजर्व फोर्स का प्रभावी इस्तेमाल किया गया था.

उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से भी इस गंभीर मुद्दे पर पहल करने और सरकार के समक्ष सुझाव एवं मांग रखने की अपील की. वहीं, सूत्रों के अनुसार पुलिस बल की कमी और प्रभावी पुलिसिंग से जुड़े इस मुद्दे को विधानसभा के मानसून सत्र में भी उठाए जाने की चर्चा है. हाल के दिनों में पुलिस की मौजूदगी में हुई हिंसा की घटनाओं को लेकर भी राज्य में पुलिस पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं.