घाघरा एसआई पर मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी के आरोप की जांच तेज, महूगांव पहुंची एससी/एसटी थाना पुलिस की टीम
पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना में पदस्थापित एसआई मृत्युंजय मिश्रा पर मारपीट एवं जातिसूचक गाली-गलौज के लगाए गए आरोपों की जांच तेज हो गई है. रविवार को एससी/एसटी थाना की टीम महूगांव पहुंची और शिकायतकर्ता समेत ग्रामीणों के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया.
जानकारी के अनुसार, महूगांव निवासी पंचम उरांव ने एससी/एसटी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव की गैरमजरुआ जमीन से जुड़े विवाद के मामले में एसआई मृत्युंजय मिश्रा ने बिना वैधानिक सूचना के उन्हें गांव से थाना ले जाकर मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और ग्रामीणों द्वारा पूर्व में अंचल अधिकारी को भी आवेदन दिया जा चुका है.
मामले की जांच के सिलसिले में रविवार को एससी/एसटी थाना के एसआई सुनील रविदास पुलिस बल के साथ महूगांव पहुंचे. जांच टीम ने शिकायतकर्ता पंचम उरांव, वीरू उरांव सहित अन्य ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा विभिन्न बिंदुओं पर बयान दर्ज किए. जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल भी की गई.
इस दौरान एसआई सुनील रविदास, लिखन महतो, आदित्य कुमार, शिकायतकर्ता पंचम उरांव, वीरू उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. एसआई सुनील रविदास ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. सभी पक्षों के बयान एवं उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.