चंदनकियारी में अंतरराज्यीय सीमा सील, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: पश्चिम बंगाल में गुरुवार को होने वाले प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बोकारो जिले से सटे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की सभी विधानसभा सीटों पर इसी दिन मतदान होना है.
चुनाव के मद्देनजर सतर्कता और एहतियात के तौर पर बुधवार शाम बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के नेतृत्व में जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने चंदनकियारी से सटे अंतरराज्यीय सीमाओं को सील कर दिया. सीमाओं पर पुलिस का सख्त पहरा लगा दिया गया है.
प्रशासन के अनुसार, चुनाव संपन्न होने तक केवल संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं को ही वैध पहचान पत्र के आधार पर सीमा पार करने की अनुमति होगी. आम आवागमन पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है, जिसे मतदान समाप्त होने के बाद ही बहाल किया जाएगा.
इस दौरान चंदनकियारी थाना क्षेत्र के बीरखाम-पाड़ा सीमा, बरमसिया ओपी क्षेत्र के बरमसिया-पुरुलिया सीमा स्थित मुर्गातल बॉर्डर तथा भोजूडीह ओपी क्षेत्र के भोजूडीह-संथालडीह अंतरराज्यीय सीमाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. सभी स्थानों पर पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में नए एसडीपीओ ने संभाला पदभार, अपराध पर सख्ती के दिए संकेत