विद्यालयों, गोबरधन योजना, आम बागवानी और कृषि विज्ञ

किस्को दौरे पर उपायुक्त ने शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास योजनाओं का लिया जायजा

न्यूज11  भारत

लोहरदगा/डेस्क: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को किस्को प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर शिक्षा, कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने राजकीयकृत मध्य विद्यालय किस्को, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, गोबरधन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागवानी तथा कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

राजकीय कृत मध्य विद्यालय, किस्को के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पाकशाला की व्यवस्था तथा आईसीटी लैब के संचालन की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही विद्यालय परिसर स्थित जर्जर भवन को हटाने तथा विद्यालय के सामने स्थित भूमि को प्रखंड स्तरीय फुटबॉल मैदान के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी जायजा लिया और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. इसके अलावा उच्च विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर छोटी-मोटी तकनीकी एवं निर्माण संबंधी कमियों को चिन्हित किया तथा उनमें सुधार कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. दौरे के क्रम में उपायुक्त ने परहेपाट पंचायत के जनवल गांव में संचालित गोबरधन योजना का निरीक्षण किया. लाभुकों ने बताया कि संयंत्र से उत्पादित बायोगैस का लाभ गांव के 15 घरों को मिल रहा है.

उपायुक्त ने योजना के संचालन, रखरखाव एवं वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा करते हुए समिति का बैंक खाता शीघ्र खोलने तथा योजना को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह योजना स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. जनवल गांव में ही उपायुक्त ने किसान चमरू महतो की बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत विकसित आम बागवानी का निरीक्षण किया. उन्होंने कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए इंटरक्रॉपिंग (अंतरवर्ती फसल) मॉडल विकसित करने का निर्देश दिया तथा सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुएं को और गहरा करने एवं ड्रिप सिंचाई प्रणाली उपलब्ध कराने की पहल करने को कहा.

उन्होंने अधिकारियों को इस मॉडल को अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मिट्टी जांच प्रयोगशाला, विभिन्न कृषि मशीनरी, खाद उत्पादन इकाई एवं चारा उत्पादन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने केवीके के अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र में संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की तथा किसानों के हित में और बेहतर कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: औसत बारिश को देखते हुए किसानों के लिए जारी की गयी सलाह, अरहर, धान, मक्का, सब्जी फसलों के प्रबंधन पर महत्वपूर्ण सुझाव