गढ़वा DC के निर्देश पर चलने वाली जनसुनवाई में गढ़वा AC ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, समाधान के दिए त्वरित निर्देश
अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल के निर्देश पर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में गढ़वा जिला अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों ने राशन, पेंशन, आवास, भूमि विवाद, नामांतरण, मजदूरी भुगतान, मुआवजा तथा रोजगार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं. अपर समाहर्ता ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आश्वासन दिया. सबसे पहले कांडी प्रखंड के ग्राम सुंडीपुर की अंजू देवी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी सड़क किनारे स्थित जमीन पर उनके रिश्तेदारों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है, जबकि उक्त भूमि उन्हें बंटवारे में मिली थी.
उन्होंने बताया कि उसी जमीन पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की स्वीकृति भी मिली है. उन्होंने निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की. नगर उंटारी के ग्राम नरही की रुकशान खातून ने बताया कि उन्हें 20 जून 2025 तक मईंयाँ सम्मान योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन गलत तरीके से नौकरीपेशा होने का आरोप लगाकर इसे बंद कर दिया गया. जांच में आरोप गलत पाए जाने के बावजूद योजना का लाभ बहाल नहीं किया गया.
उन्होंने बकाया राशि सहित पुनः लाभ शुरू करने की मांग की.डंडई प्रखंड के ग्राम जरही की पार्वती देवी, जो एक दिव्यांग महिला हैं, ने शिकायत की कि उन्हें स्वीकृत चापाकल एवं जल मीनार उनकी जमीन के बजाय किसी अन्य की जमीन पर स्थापित कर दिया गया है. उन्हें पानी लेने से भी रोका जाता है तथा स्थानीय लोगों द्वारा धमकाया जाता है. उन्होंने अपनी जमीन पर जल सुविधा बहाल करने और सुरक्षा की मांग की. गढ़वा जिला मुख्यालय के नारायणपुर निवासी अमरेश शर्मा ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आवेदन करने के बावजूद अब तक लाभ नहीं मिलने की शिकायत की.
उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है. अतः उन्होंने शीघ्र स्वीकृति दिलाने की अपील की. जनसुनवाई के दौरान अन्य कई फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: साउथ प्वाइंट के हिमांशु व हरेकृष्ण ने जेईई मेंस में लहराया परचम, प्राचार्य ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की