चंदनकियारी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में पुलिस

कंचनपुर में पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ चिपकाया इश्तिहार, फरार आरोपियों को अदालत में हाजिर होने का आदेश

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत  चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपियों के खिलाफ इश्तिहार तामिला की कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने गांव में ढोल-नगाड़ा बजाकर लोगों को मामले की जानकारी दी तथा आरोपियों के घर और सार्वजनिक स्थानों पर इश्तिहार चिपकाया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कांड संख्या 143/2022, दिनांक 12 अक्टूबर 2022, धारा 420, 467, 468, 471, 472 एवं 34 भादवि से संबंधित मामले में न्यायालय द्वारा सीआरपीसी की धारा 82 के तहत इश्तिहार जारी किया गया है. इश्तिहार में कंचनपुर निवासी मो. अख्तर हुसैन उर्फ यूनुस अंसारी एवं नुरजहां खातून को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.

सेक्टर-04 थाना, बोकारो की पुलिस टीम ने शुक्रवार को चंदनकियारी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव पहुंचकर विधिवत मुनादी कराई और इश्तिहार चस्पा किया. पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए आरोपियों को निर्धारित समय के भीतर अदालत में उपस्थित होना होगा. अन्यथा उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है ताकि मामले में अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके.