खबर का असर: जलमीनार से फिर शुरू हुई पानी आपूर्ति, नया सोलर पैनल लगाकर बहाल की गई व्यवस्था
न्यूज11 भारत पलामू/डेस्क: नगर पंचायत हुसैनाबाद क्षेत्र के जलमीनार से पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है. तेज तूफान में उड़ गए सोलर पैनल के स्थान पर नया सोलर पैनल लगाए जाने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई है. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल नया सोलर पैनल लगवाया, जिसके बाद जलमीनार से नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई.
गौरतलब है कि जलमीनार पर लगा सोलर पैनल तेज तूफान में उड़ गया था, जिससे पानी आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई थी. इस संबंध में वार्ड संख्या-06 के पार्षद अभिमन्यु कुमार गुप्ता ने 25 मई 2026 को कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर नया सोलर पैनल लगाने और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की थी, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था. इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय हुआ और नया सोलर पैनल लगाकर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई.