अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, देशी रिवॉल्वर व कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत बरही/डेस्क: बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत रसोईयाधमना गांव में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है. मामले की जानकारी बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर ने गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर दी. एसडीपीओ ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी रामगढ़ जिले से अवैध हथियार कम कीमत पर खरीदकर हजारीबाग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बेचने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि सूचना के अनुसार गिरोह का एक सदस्य बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव में अपाचे मोटरसाइकिल से हथियार और कारतूस बेचने का प्रयास कर रहा था. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. तकनीकी शाखा से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम रसोईयाधमना पहुंची. वहां एक व्यक्ति अपने घर के पास मोबाइल पर बात कर रहा था. पुलिस वाहन को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान मो. आमिर सोहैल उर्फ राजा बाबू पिता यूनुस अंसारी रसोईयाधमना थाना बरही निवासी के रूप में बताई. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह बनाकर रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों को ऊंचे दाम पर बेचने का काम करता है. आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सकलैन रजा उर्फ सकलेन कुरैशी, मो. इबरार दोनों सरदार रोड़ सदर जिला हजारीबाग, मो. बाबर हबीबनगर थाना खिरगांव बड़ा बाजार, जिला हजारीबाग तथा मो. मुनाजिर हुसैन उर्फ बबलू बड़ाबाजार सुभाष मार्ग जिला हजारीबाग बताए हैं. पुलिस इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.बरामद सामान में एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पंजीकरण संख्या जेएच 02 एएम 5798 शामिल है. इस अभियान में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमीत साव, राजबल्लभ कुमार, सुशील कुमार, दीपक कुमार, रूपलाल यादव सहित बरही थाना के सशस्त्र बल एवं चालक शामिल थे. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.