प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कांग्रेस नेताओ

'मैंने कानून का पालन किया...' जेल से बाहर आए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, समर्थकों और नेताओं ने किया स्वागत

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद गुरुवार को जेल से रिहा होकर अपने आवास पहुंचे. उनके घर पहुंचने पर उनके परिजन, कांग्रेस नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे, राजमहल सांसद विजय हांसदा और कांग्रेस महासचिव आलोक दुबे समेत कई नेता उनसे मिलने पहुंचे. मैंने कानून का पालन किया: आलमगीर आलम  आलमगीर आलम ने कहा कि कठिन समय में जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उनके प्रति आभारी हैं. उन्होंने कहा कि इस पूरे दौर में उन्हें यह भी समझ में आया कि उनके अपने कौन हैं. आलमगीर आलम ने कहा कि उनके साथ क्या हुआ, यह सभी जानते हैं. उन्होंने हमेशा कानून का सम्मान किया और ED का नोटिस मिलते ही जांच में सहयोग करने पहुंचे थे. उन्होंने पाकुड़ और राजमहल की जनता का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति के बावजूद लोगों ने विजय हांसदा को लोकसभा चुनाव और निशात आलम को विधानसभा चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाया.

स्वास्थ्य में सुधार के बाद आगे की राजनीति पर होगा फैसला पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि फिलहाल वह खुद को थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं और पहले अपना इलाज करवाएंगे. इसके बाद स्वास्थ्य के अनुसार आगे की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है. SIR को लेकर आलमगीर आलम ने कहा कि यदि SIR होना है तो वह निष्पक्ष और पहले की तरह सही तरीके से होना चाहिए.

कांग्रेस-JMM नेताओं ने जताई खुशी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी और राज्य के वरिष्ठ नेता के वापस आने से कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. वहीं मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने आलमगीर आलम को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि मुझे टिकट दिलाने में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई थी. दीपिका पांडे सिंह  ने कहा कि उनकी कमी लगातार महसूस की जा रही थी और उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर पहले की तरह सक्रिय राजनीति में लौटेंगे. सांसद विजय हांसदा ने भी आलमगीर आलम को पूरे राज्य का मजबूत नेता बताते हुए कहा कि उनकी गैरमौजूदगी पार्टी और कार्यकर्ताओं को लगातार महसूस हो रही थी. इस दौरान कांग्रेस महासचिव आलोक दुबे ने समर्थकों के साथ मिलकर आलमगीर आलम का स्वागत किया.

ये भी पढ़ें- ED के समक्ष पेश हुए ममता बनर्जी के करीबी DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास, जमीन हड़पने के हैं आरोपी