झारखंड

हुसैनाबाद पुलिस ने हथियार के साथ दो युवक क़ो किया गिरफ्तार, देसी कट्टा, दो कारतूस के साथ बिना नंबर प्लेट बाइक जब्त

विकास कुमार/न्यूज़11 भारत  हुसैनाबाद/डेस्क: गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरूआ मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाकर हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन तथा एक बिना नंबर प्लेट की हिरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है. 

हुसैनाबाद एसडीपीओ एस मोहम्मद याक़ूब ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा की 02 मार्च 2026 को पुलिस क़ो गुप्त सूचना मिली कि ग्राम मानखाप की ओर से दरूआ मोड़ होते हुए एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति हथियार के साथ जपला की ओर जा रहे है. सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया तथा एक छापामारी दल का गठन कर सशस्त्र बल के साथ दरूआ मोड़ के पास सघन वाहन जांच शुरू की गई. करीब शाम 7:20 बजे दरूआ गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उन्हें पकड़ लिया गया. पूछताछ में दोनों ने अपना नाम अभिषेक कुमार 19 वर्ष, पिता – महेन्द्र चन्द्रवंशी एवं नितिश कुमार चन्द्रवंशी 18 वर्ष, पिता – राजू चन्द्रवंशी, दोनों ग्राम मानखाप, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू बताया. पुलिस के तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली, एक NOTHING कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक हिरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई. वहीं नितिश कुमार चन्द्रवंशी के पास से एक NOTHING कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ.

इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड सं0-43/26 दिनांक 02.03.2026 के तहत धारा 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. उन्होने बताया की पुलिस अभिलेख के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक कुमार पूर्व में भी हुसैनाबाद थाना कांड सं0-128/25 दिनांक 23.05.2025 में विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुका है. छापामारी दल में पु.नि. सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, पु.अ.नि. रमण यादव, स.अ.नि. कालिका राम, आरक्षी पप्पु पाल, विकास राम, अंजनी कुमार रजक, उमेश पाल, अखिलेश कुमार तथा चौकीदार रितेश कुमार शामिल थे.

यह भी पढ़े: चंदवा में होलिका दहन का पर्व धूमधाम से संपन्न, कंचन नगरी में महावीर मंडल ने किया आयोजन