JT20 टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देखने के लिए उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़, JSCA में भगदड़... कई घायल
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची स्थित JSCA क्रिकेट स्टेडियम में JT20 टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के वेस्ट गेट पर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस दौरान कई लोग घायल हो गए. वहीं, भीड़ के दबाव और अव्यवस्था से नाराज कुछ लोगों ने वेस्ट गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए राज हॉस्पिटल भेजा गया है. मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी घायलों के समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इस बीच घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम का गेट टूटने के बाद अफरा-तफरी मची, जिसमें कई लोग घायल हो गए. परिजनों का कहना है कि घायलों को राज हॉस्पिटल भेजा जा रहा है, लेकिन अस्पताल में इलाज से पहले पैसे जमा करने को कहा जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है. परिजन JSCA प्रबंधन और राज्य सरकार से सहायता की मांग कर रहे हैं. फिलहाल स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी कल 262 अभ्यर्थियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र