झारखंड

तोपचांची थाना क्षेत्र के जीटी रोड में भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

न्यूज़11 भारत  राजगंज/डेस्क: तोपचांची थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित लेदाटांड़ मजार के सामने फलक होटल के समीप गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में उपचाररत है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजगंज क्षेत्र के राजगंज थाना कुल्ही निवासी मो. इरफान अंसारी (17 वर्ष), पिता मेराज अंसारी के रूप में हुई है. वहीं हादसे में उसी गांव के मो. शाहिद (17 वर्ष), पिता शाजिद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से राजगंज से तोपचांची की ओर जा रहे थे. इसी दौरान लेदाटांड़ मजार के सामने फलक होटल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर एक टेंपो से जा भिड़ी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में धनबाद स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेजा गया. वहां इलाज के दौरान मो. इरफान अंसारी की मौत हो गई, जबकि मो. शाहिद का उपचार जारी है. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे कुल्ही गांव में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.