झारखंड

झारखंड के सभी थानों में लगेंगे हाईटेक CCTV कैमरे, ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी होगी व्यवस्था

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड पुलिस ने राज्यभर के थानों में हाईटेक CCTV कैमरे लगाने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है. इस परियोजना के तहत सभी 606 थानों को आधुनिक निगरानी प्रणाली से लैस किया जाएगा, जहां वीडियो के साथ-साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी सुविधा होगी. रांची के जगरनाथपुर थाना में मंगलवार को कैमरों की टेस्टिंग शुरू की गई. इस दौरान आईजी प्रोविजन मयूर पटेल, एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा और JAP-IT के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया.

फिलहाल ट्रायल के तौर पर रांची के नामकुम थाना, जगरनाथपुर थाना और ST-SC थाना में कैमरे लगाए जा रहे हैं. अधिकारियों द्वारा कैमरों की क्वालिटी के साथ माइक्रोफोन सिस्टम की भी जांच की जा रही है.

योजना के अनुसार राज्य के 606 थानों में कुल 8,854 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. थाने का कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर नहीं रहेगा. मेन गेट, लॉकअप, कॉरिडोर, लॉबी, रिसेप्शन, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर कक्ष के अलावा वाशरूम के बाहर भी कैमरे स्थापित किए जाएंगे. पुलिस विभाग के मुताबिक कैमरों से रिकॉर्ड होने वाली ऑडियो-वीडियो फुटेज को 18 महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस हिरासत में होने वाली घटनाओं पर नियंत्रण, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और पूछताछ के दौरान किसी भी तरह की मनमानी को रोकना है. यह भी पढ़ें- सिकिदिरी हाइडल पावर प्रोजेक्ट में अचानक बढ़ा पानी का बहाव, कई पर्यटक फंसे... ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू