Jharkhand Weather: कहीं आग उगल रही धूप, कहीं गरजेंगे बादल! झारखंड में मौसम का डबल अटैक
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली हैं. राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है तो वहीं कुछ जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे झारखंड के लिए बेहद अहम रहने वाले है क्योंकि गर्मी और बारिश दोनों का असर एक साथ देखने को मिलेगा.
पलामू और डाल्टनगंज बने 'हीट जोन' राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी डाल्टनगंज और पलामू क्षेत्र में रिकॉर्ड की जा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया हैं. दोपहर के समय सड़कें तपती नजर आ रही है और बाजारों में भी भीड़ कम दिखाई दे रही हैं. इसके अलावा चतरा और गढ़वा में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी और उत्तरी झारखंड के इलाकों में अगले कुछ घंटों तक गर्मी का असर और तेज हो सकता हैं.
रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट एक तरफ जहां पलामू क्षेत्र गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दूसरी ओर राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता हैं. मौसम विभाग ने रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई हैं. इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी हैं.
दक्षिणी झारखंड में गर्मी के साथ बारिश का असर दक्षिणी सिंहभूम और आसपास के जिलों में अजीब मौसम देखने को मिल सकता हैं. यहां तापमान 42 डिग्री के पार रहने के बावजूद शाम के समय बारिश और तेज हवा चलने की संभावना हैं. इससे उमस बढ़ सकती है और लोगों को गर्मी के साथ चिपचिपाहट का भी सामना करना पड़ सकता हैं.
सबसे ठंडे रहे रामगढ़ और सिमडेगा जहां एक तरफ कई जिले भीषण गर्मी से परेशान है, वहीं रामगढ़, सिमडेगा और लोहरदगा जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, ये इलाके राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में थोड़े राहत भरे रह सकते हैं.
तापमान में गिरावट की उम्मीद मौसम विभाग के अनुसार, आंधी और बारिश के बाद कई जिलों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता हैं. इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद हैं. हालांकि फिलहाल राज्य के पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रहने वाला हैं.