झारखंड

हजारीबाग: क्लासरूम में अचानक घुसा बंदर, बच्चों के लिए बना रोमांच और हंसी से भरा यादगार पल

फलक शमीम/न्यूज11  भारत 

हज़ारीबाग़/डेस्क:  अमोली अपूर्वा उच्च विद्यालय, मानगढ़ में बुधवार को एक अनोखी और दिलचस्प घटना देखने को मिली. पढ़ाई के दौरान अचानक एक बंदर क्लासरूम में घुस आया, जिससे कुछ पल के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन जल्द ही यह घटना बच्चों के लिए रोमांच और खुशी का कारण बन गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर खिड़की के रास्ते कक्षा में दाखिल हुआ. शुरुआत में बच्चे थोड़ा घबरा गए, लेकिन बंदर के शांत व्यवहार को देखकर उनका डर उत्सुकता में बदल गया. बच्चे अपनी-अपनी जगह पर बैठे रहकर बंदर को कौतूहल भरी नजरों से देखते रहे. कक्षा में मौजूद शिक्षक ने भी स्थिति को संभालते हुए बच्चों को शांत रहने की सलाह दी.

बंदर ने किसी प्रकार की शरारत या नुकसान नहीं किया और कुछ देर तक कक्षा में इधर-उधर देखने के बाद खुद ही बाहर निकल गया. इस दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था. जैसे ही बंदर बाहर गया, बच्चों के बीच हंसी-ठिठोली और चर्चा शुरू हो गई. कई बच्चों ने इसे अपने जीवन का सबसे अलग और मजेदार अनुभव बताया.इस अनोखी घटना ने कुछ देर के लिए पढ़ाई के माहौल को हल्का कर दिया और बच्चों को एक यादगार अनुभव दे गया. सच में, उस दिन “बंदर मामा” ने स्कूल में आकर सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी.

यह भी पढ़ें: मगध कोल माइंस के जीएम चितरंजन कुमार बने डायरेक्टर,अधिसूचना जारी, मगध सीसीएल पीओ सहित कई लोगों ने दी बधाई