गुमला: बसिया में कुएं से मिला सड़ी-गली अवस्था में शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी
नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर सरना इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहाँ एक सुनसान जगह पर झाड़ियों के बीच स्थित कुएँ से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया है. मृतक की पहचान तुरीबीरा निवासी 45 वर्षीय दिलीप लोहरा (पिता- कलिन्द्र लोहरा) के रूप में हुई है.
12 दिनों से लापता था मृतक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप करीब 12 दिन पूर्व घर से निकला था. वह लालपुर निवासी मांगू खड़िया के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था और साथ ही उसने घर पर काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कही थी. बताया जा रहा है कि दिलीप मानसिक रूप से थोड़ा परेशान रहता था. परिजनों ने उसे कई दिनों तक ढूँढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. उन्हें लगा कि शायद वह बाहर काम करने चला गया होगा.
ग्रामीणों को आई दुर्गंध, तब हुआ खुलासा
शनिवार की दोपहर जब ग्रामीण उस सुनसान रास्ते से गुजर रहे थे, तो कुएँ से आ रही दुर्गंध ने उनका ध्यान खींचा. जब ग्रामीणों ने कुएँ में झाँककर देखा तो एक शव तैरता हुआ नजर आया, जिसके बाद तुरंत बसिया पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला, जहाँ मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान दिलीप लोहरा के रूप में की. हत्या की जताई जा रही आशंका
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने प्रथम दृष्टया दिलीप की हत्या कर शव को कुएँ में फेंकने की आशंका जताई है. फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दिलीप की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी सीमा देवी घर पर ही रहती हैं. वहीं, बेटा विरेंद्र लोहरा गोवा में कार्यरत है और बेटी प्रीति कुमारी रांची में पढ़ाई करती है. पुलिस कर रही जांच
बसिया पुलिस इस मामले की गंभीरता से तहकीकात कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की गुत्थी सुलझाई जा सके
यह भी पढ़ें: सिल्ली: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार