बरवाडीह प्रखंड की खुरा पंचायत अंतर्गत बभंडीह ईसाई

बभंडीह ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान की चारदीवारी निर्माण कार्य का हुआ भूमि पूजन

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत  बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड की खुरा पंचायत अंतर्गत बभंडीह ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान परिसर में चारदीवारी निर्माण योजना की स्वीकृति मिलने के बाद रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह योजना माननीय विधायक रामचंद्र सिंह की अनुशंसा पर कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत की गई है. भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, फादर सीबी एवं फादर राजेश बारला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व पूरे विधि-विधान के साथ प्रार्थना एवं पूजा-अर्चना की गई. इसके उपरांत फादर, जिला परिषद सदस्य और विधायक प्रतिनिधि ने कुदाल चलाकर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया.

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कहा कि ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान की चारदीवारी निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी. विधायक के सकारात्मक प्रयास और अनुशंसा के फलस्वरूप इस योजना को स्वीकृति मिली है. चारदीवारी का निर्माण होने से कब्रिस्तान परिसर सुरक्षित और व्यवस्थित होगा तथा इसकी सुंदरता एवं उपयोगिता में भी वृद्धि होगी.वहीं, फादर सीबी ने कहा कि कब्रिस्तान की घेराबंदी नहीं होने के कारण समुदाय को लंबे समय से कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था. विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अब यह समस्या दूर होने जा रही है, जिससे पूरे ईसाई समुदाय में खुशी का माहौल है.कार्यक्रम के दौरान उपमुखिया सुनीता देवी, सामवोल बारला, कमलेश कुमार सिंह, असलम अंसारी, अंतू प्रसाद, सोहेल राणा, बसंत प्रसाद, विक्की कुमार, प्रवीण कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाज के लोग उपस्थित थे.